जैतीपुर। जर्जर सड़क के गड्ढों ने एक महिला की जान ले ली। गड्ढों की वजह से बाइक से गिरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
शनिवार सुबह करीब छह बजे तिलहर थाना क्षेत्र के गांव भधई निवासी नरवीर अपनी मां सुनीता (55) को बाइक पर बैठाकर जैतीपुर के वंडिया खुर्द अपने बहनोई के घर किसी मरीज को देखने जा रहे थे। रास्ते में करकौर गांव के समीप बने धर्मकांटा के सामने जर्जर सड़क के गड्ढों की वजह से उसकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई। बाइक पर बैठी सुनीता भी सड़क पर जा गिरीं। उनके नाक व हाथ में गंभीर चोटें आईं। नरवीर ने आनन फानन में 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची एंबुलेंस घायल सुनीता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। जहां डॉक्टर ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना नरवीर ने अपने परिजनों को दी, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।