जलालाबाद। कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर शनिवार शाम बाइक को बचाने के चक्कर में आलू भरी पिकअप असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार पिता-पुत्र समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन लोगों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर किया गया है।
फर्रुखाबाद से आलू लेकर एक पिकअप शनिवार शाम पांच बजे बरेली जा रही थी। पिकअप में अल्हागंज क्षेत्र के गांव कोयला ज्ञानपुर निवासी 72 वर्षीय जालिमा पत्नी मुंशी, अहमदशेर, छोटे, सोनू और उनका आठ वर्षीय पुत्र फरमान बैठे थे। यह सभी मदनापुर में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। राजभोग रेस्टोरेंट के सामने पिकअप जैसे ही पहुंची, तभी सामने से एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में पिकअप असंतुलित होकर रोड पर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार सभी लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल भिजवाया। छोटे, सोनू और फरमान को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से भाग गया। संवाद