बंडा (शाहजहांपुर)। यहां से सवारियां लेकर दिल्ली जा रही एक प्राइवेट बस लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर बरेली में परसाखेड़ा के पास पेड़ से टकरा गई, जिसमें बंडा इलाके के टेंट मालिक की मौत हो गई। जबकि उनके साले समेत कई लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर टेंट मालिक के परिवार वाले बरेली रवाना हो गए।
शनिवार को दोपहर बाद बंडा थाना क्षेत्र के गांव नभीची से एक प्राइवेट बस सवारियां लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। रात करीब साढ़े नौ बजे लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर बरेली में परसाखेड़ा के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे के बाद बस में चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद इकट्ठे हुए आसपास के लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकाला। घायलों में नभीची में टेंट हाउस चला रहे गांव लक्ष्मणपुर गौंटिया निवासी 26 वर्षीय सुरेश भी थे, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका साला रामू और पीलीभीत के गांव कस्बा निवासी अशरफ अली घायल हो गए। सुरेश दिल्ली से टेंट का सामान लेने जा रहे थे। सुरेश की मौत की खबर जब उनके घर पहुंची कोहराम मच गया। सुरेश की पत्नी मंजू देवी का बुरा हाल है। वह अपने पीछे चार वर्षीय पुत्री प्रांशी, दो वर्षीय अर्पित को छोड़ गया है।