खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार में रहने वाले एक कारोबारी की पीलीभीत के पूरनपुर में हुए हादसे में मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर परिवार वाले पूरनपुर के लिए रवाना हो गए।
गांव सौफरी निवासी 24 वर्षीय रवि गुप्ता प्याज का व्यापारी थे। शुक्रवार को वह प्याज बिक्री करने पूरनपुर गए थे। शाम को वापस घर आने के लिए उसने बिक्री से बचे प्याज को एक लोडर मैजिक में लाद दिया और खुद प्याज के ऊपर ही बैठ गया। पूरनपुर में बाईपास पर अचानक एक स्कूटी सवार के सामने आ जाने पर मैजिक के चालक ने ब्रेक लगाए तो ऊपर बैठा रवि सड़क पर आ गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए बरेली ले जाते समय रास्ते में रवि ने दम तोड़ दिया।
इस हादसे की सूचना घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सभी सदस्य पूरनपुर रवाना हो गए हैं। गांव के लोगों ने बताया कि रवि बचपन से अपने नाना बद्रीप्रसाद के पास गांव सौफरी में रह रहा था। दो वर्ष पूर्व उनकी शादी गोला कस्बे की मानसी देवी से हुई थी। उनके एक तीन माह की पुत्री है।