बंडा। बहन के घर मेहमानी में आ रहे पीलीभीत के एक युवक की बाइक आवारा पशु से टकरा गई। इसमें गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
पीलीभीत जनपद के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया हुलास निवासी 38 वर्षीय मनोज मिश्र अपने भतीजे सूरज मिश्रा के साथ बाइक से बंडा कस्बे में अपनी बहन के यहां आ रहे थे। बिलसंडा मार्ग पर गांव पटना मोड़ के पास सामने से अचानक आवारा पशु आ जाने से उनकी बाइक टकरा गई। इससे बाइक पर पीछे बैठे मनोज और बाइक चालक सूरज गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 100 पुलिस ने दोनों लोगों को बंडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने मनोज मिश्र को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पाकर मनोज की बहन नीतू अवस्थी, भांजे दिव्यांशु और हिमांशु रोते बिलखते हुए अस्पताल पहुंचे। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को भी दी गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।