शाहजहांपुर/रोजा। मेरठ से हरदोई की ओर जा रही नौचंदी एक्सप्रेस से गिरकर सोमवार सुबह हरदोई के युवक की मौत हो गई।
हरदोई के थाना पिहानी के गांव मझिया निवासी 21 वर्षीय अंकुर सिंह अपनी बुआ शशी प्रभा और फुफेरे भाई नवीन के साथ 11 अक्तूबर को मेरठ के नगली धाम तीर्थ स्थान गया था। वहां से रविवार रात नौचंदी एक्सप्रेस से लौट रहा था। सोमवार सुबह ट्रेन जब शाहजहांपुर स्टेशन पर रुकी, तब सबने चाय-नाश्ता किया और फिर ट्रेन रोजा की ओर बढ़ चली। इस दौरान वह सीट से उठकर टायलेट जाने की बात कहकर ट्रेन के गेट के पास आकर खड़ा हो गया। करीब 9:30 बजे ट्रेन रोजा के पास पहुंची तभी अचानक पैर फिसलने से वह ट्रेन से गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ में चल रही बुआ और फुफेरे भाई को जानकारी हुई तो हरदोई से पहले टीटीई के जरिये सूचना देकर ट्रेन को रुकवाया और वहां से दोनों लोग रोजा पहुंचे। जानकारी मिलते ही हरदोई से परिजन व अन्य रिश्तेदार आ गए। मृतक के बड़े भाई सूरज सिंह ने बताया कि वह गांव में खेतीबाड़ी करता है और अंकुर भी उसमें सहयोग करता था।