जलालाबाद। पांच दिन पहले रामलीला के मेले में जंपिंग वाले झूले पर जंपिंग करने के दौरान घायल हुए युवक की दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने युवक की इत्तफाकिया मौत होने की सूचना दर्ज कर ली है।
नगर के मोहल्ला नौसारा निवासी सुरेश का करीब 20 वर्षीय बेटा राहुल छह अक्तूबर को नगर में आयोजित श्रीराम लीला मेला देखने गया था। मेले में रात करीब दस बजे जंपिंग लगाने वाले झूले पर जंप लगा रहा था। जंपिंग करने के दौरान राहुल किसी तरह सिर के बल गिर गया और उसके गर्दन में चोट आ गई। इसका पता लगने पर घरवाले उसे इलाज के लिए बरेली ले गए। वहां से उसे दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया। जहां नौ अक्तूबर की रात इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई। इस मामले में मृतक के भाई जगदीश की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में पूरी घटना का जिक्र करते हुए किसी का भी दोष न होने की बात कही गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने इत्तफाकिया हुई घटना की सूचना दर्ज कर ली।