शाहजहांपुर। तिलहर क्षेत्र के ग्राम रोशनपुर में बृहस्पतिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। वहां गेहूं की पिसाई के दौरान अचानक आटा चक्की के पाट फट गए। पाटों के पत्थर लगने से उधर से गुजर रहे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वहां खेल रहे चार बच्चे घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां एक बच्चे की हालत गंभीर बताई गई है।
थाना तिलहर क्षेत्र के ग्राम कपसेड़ा निवासी सोनू ने अपनी ट्रॉली में आटा चक्की फिट कर रखी है। वह गांव-गांव जाकर अनाज की पिसाई करता है। बृहस्पतिवार को सोनू तिलहर क्षेत्र के ही ग्राम रोशनपुर में पिसाई करने गया था। वहां शाम करीब पांच बजे वह एक स्थान पर खड़े होकर गेहूं की पिसाई कर रहा था। तभी अचानक उसकी चक्की के पाट फट गए और उसके बाद पत्थर के टुकड़े दूर जा गिरे। उस समय उधर से रोशनपुर गांव का ही 34 वर्षीय श्रीकृष्ण गुजर रहा था और कुछ बच्चे खेल रहे थे। पत्थर का बड़ा टुकड़ा जाकर श्रीकृष्ण के सीने पर लगा, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। कुछ टुकड़े जाकर बच्चों के लगे, जिनमें 13 वर्षीय चंदन पुत्र श्याम बिहारी रोहित (10) पुत्र शंकर, रवि (14) पुत्र बेचेलाल और अनुज (15) पुत्र ओमप्रकाश घायल हो गए। इस हादसे के बाद गांव में खलबली मच गई और देखते-देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने श्रीकृष्ण को मृत घोषित कर दिया। जबकि रोहित की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे के बाद परिवार वाले अस्पताल पहुंचे तो कोहराम मच गया।