तिलहर। गांव धन्यौरा में तीन वर्षीय एक बच्ची के ऊपर कढ़ाई में खौलता हुआ पानी गिर जाने से बालिका बुरी तरह झुलस गई। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बालिका की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
गांव धन्यौरा निवासी रामफूल की पत्नी पुष्पा गुरुवार की शाम घर पर सिवैया बनाने के लिए कढ़ाई में पानी खौला रही थी। घर में उसकी तीन वर्षीय पुत्री आराध्या खेल रही थी। पुष्पा कुछ सामान लेने के लिए अंदर कमरे में गई तभी आराध्या ने चूल्हे के पास पहुंच कढ़ाई को खींचने लगी। इससे कढ़ाई में खौल रहा पानी आराध्या के ऊपर गिर गया। जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर सीधे जिला चिकित्सालय पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अबोध बालिका की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक महेश सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि बच्ची के शव का पंचनामा भरकर शव परिवार को सुपर्द कर दिया गया है। उप निरीक्षक ने बताया कि बच्ची आराध्या अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी।