पुवायां। उधारी का पैसा वसूल कर लौट रहे एक सौंदर्य प्रसाधन सामग्री दुकानदार के पुत्र वरुण की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग उसे इलाज के लिए शाहजहांपुर ले जा रहे थे की रास्ते में उसकी मौत हो गई। इससे घर में कोहराम मचा हुआ है। मृतक युवक मां ज्वाला जी जागरण सेवा समिति का सेवादार भी था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था।
पुवायां में मोहम्मदी रोड निवासी बृजेश गुप्ता की मकान के पास ही कास्मेटिक्स की थोक और फुटकर बिक्री की दुकान है। देहात के तमाम दुकानदार उनके यहां से सामान ले जाते हैं। बृजेश गुप्ता का 24 वर्षीय पुत्र वरुण ओमर शनिवार शाम को कोरोंकुइयां क्षेत्र में दुकान की उधारी की वसूली करने गया था। रात में वापस घर आते समय पुवायां-शाहजहांपुर रोड पर गांव भटपुरा चंदू मोड़ के पास अज्ञात वाहन चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। पुवायां के मोहल्ला गढ़ी के राजेश शुक्ला उधर से निकले और मौके पर भीड़ लगी देखकर रुके तो उन्होंने वरुण को पहचान कर परिवार के लोगों को सूचना दी। सूचना पाकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और वरुण को पुवायां सीएचसी लाए। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सिंधौली के पास वरुण ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। वरुण की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। बृजेश कुमार और मां पंकज गुप्ता का वरुण इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें अनन्या ओमर और विधि ओमर हैं। रक्षाबंधन के दसवें दिन ही भाई को खो देने से दोनों बहनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुवायां के तमाम व्यापारी बृजेश के घर पहुंचे और दुखी परिवार को सांत्वना दी।
मां ज्वाला जी जागरण सेवा समिति ने जताया शोक
पुवायां। वरुण ओमर पुवायां की मां ज्वाला जी जागरण सेवा समिति का सेवादार था। वरुण के निधन पर समिति के अध्यक्ष राजा नंदा, विनायक अग्रवाल, पंकज सर्राफ, पियुष गुप्ता, सुनील बंसल, संचित सिंह, विकास शुक्ला, देवेंद्र लील, कपिल गुप्ता, सतपाल शर्मा, अनुराग गुप्ता ने शोकसभा कर परिवार के लोगों को सांत्वना दी।