जलालाबाद। शनिवार रात नेशनल हाइवे पर सीतापुर के पास आलू भरी डीसीएम पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई जबकि उसमें बैठा हेल्पर घायल हो गया। मृतक क्षेत्र के गांव धींयरपुरा का रहने वाला था उसकी मौत की खबर मिलने के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया है।
जनपद फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर के गांव अलीगढ़ कड़कड़ा निवासी निवासी शीलू को क्षेत्र के गांव धींयरपुरा निवासी शफरुद्दीन की बेटी शैरीना ब्याही है। करीब पांच साल से शीलू अपनी पत्नी बच्चों समेत ससुराल में आकर रहने लगा। शीलू गांव गुनारा निवासी निजामुद्दीन की डीसीएम चलाता था। बताते है कि शनिवार रात शीलू फर्रुखाबाद से डीसीएम में आलू भरकर बलरामपुर जा रहा था। रात करीब दो बजे खैराबाद के पास अचानक असंतुलित हुई डीसीएम हाईवे किनारे खड़े पेड़ में जा घुसी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हादसे में गंभीर रूप से घायल शीलू व निजामुद्दीन को नजदीक के अस्पताल में पंहुचाया जहां शीलू को मृत घोषित कर दिया गया। देर रात खबर मिलने के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मालूम हो कि शीलू अपने परिवार का अकेला कमाऊ सदस्य था। उसके घर में पत्नी के अलावा आठ साल का समीर, छह साल का आमिर व दो साल की बेटी अदीबा है।