तिलहर। हाईवे पर गांव भेदपुर के पास सोमवार सुबह सड़क किनारे खेत में युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पुलिस ने बरामद किया है। युवक के शव के ऊपर उसकी बाइक पड़ी हुई थी। सीओ मंगल सिंह रावत व कोतवाल सुनील कुमार अहलावत ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली। मृतक की पहचान तिलहर के मोहल्ला मुस्तफाबाद निवासी 28 वर्षीय सरनाम सिंह यादव के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। उसके सिर में चोट व गले में निशान होने व हाईवे से दूर खेत में शव पड़े होने की वजह से परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है।
मृतक केे बड़े भाई रामगोपाल ने बताया कि उसका छोटा भाई सरनाम सिंह रविवार शाम लगभग चार बजे घर से बाइक से कहीं घूमने निकल गया था। वह अक्सर घूमने निकल जाता था और देर रात घर पर लौटता था। बताया कि शाम लगभग 7:30 बजे जब उसने भाई के मोबाइल पर कॉल की तो उससे बात हुई। उसने कहा कि हम आ जाएंगे। यह कहकर उसने कॉल काट दी। रात लगभग डेढ़ बजे तक घर नहीं आने पर उसे दोबारा कॉल की, लेकिन कॉल रिसीब नहीं हुई। इस पर उसने रुक-रुक कर कई बार कॉल की लेकिन घंटी बजती रही। सुबह लगभग 11:30 बजे जब कॉल की, तब पुलिस ने कॉल रिसीब की। फिर पुलिस के जरिये उसे भाई की मौत के बारे में जानकारी हुई। रामगोपाल ने बताया कि उसका भाई शराब पीने का आदी था। किसी से रंजिश के बारे में कोई जानकारी नहीं है। वह ड्राइवरी कर लेता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। जिस तरह से भाई का शव पड़ा था, उससे लग रहा है कि उसके भाई की हत्या की गई है। उधर, सीओ मंगल सिंह रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया कुछ कहा नहीं जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।