शाहजहांपुर। नेशनल हाईवे पर सल्लिया के पास कार की चपेट में आकर एक कांवड़िया की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। घायलों को यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतक के शव का पोस्टमार्टम लखीमपुर खीरी में कराया गया।
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जियाखेल निवासी 20 वर्षीय अमन पुत्र राजू अपने मोहल्ले के ही 18 वर्षीय शिवम पुत्र राधेश्याम और मोहल्ला वाला तिराही निवासी 19 वर्षीय विकास राठोर पुत्र प्रकाश फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से गंगाजल लेकर तीनों एक ही बाइक से लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक करने जा रहे थे। बाइक सोमवार दोपहर करीब 12 बजे लखीमपुर खीरी क्षेत्र में सल्लिया के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन और विकास घायल हो गए। घायलों को यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि शिवम के शव को लखीमपुर खीरी पुलिस ने कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी वहां पहुंच गए। घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शिवम की मौत की सूचना पर उसके परिजन लखीमपुर खीरी चले गए।