आंगनबाड़ी कर्मचारियों और सहायिकाओें ने मानदेय में कोई वृद्धि नहीं किए जाने पर बुधवार को जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ का शिष्टमंडल सिटी मजिस्ट्रेट विनय प्रकाश श्रीवास्तव से मिला और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर देकर 15 हजार रुपये मासिक मानदेय दिए जाने के साथ ही बकाया एरियर का भुगतान कराने की मांग की।
इससे पूर्व संघ से जुड़ी महिलाएं खिरनीबाग के कालीबाड़ी मंदिर में एकत्र हुईं और वहां बैठक करके अपनी वित्तीय कठिनाइयों पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष पद्मा रस्तोगी ने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर को बहुत कम मानदेय दिया जा रहा है। उसके बदले कई विभागों के काम लिए जा रहे हैं। यही नहीं, स्वीकृत मानदेेय का भुगतान कई माह तक लंबित रखे जाने से तमाम कर्मचारियों को परिवार पालने में कठिनाई हो रही है। ज्ञापन में मानदेेय में बढ़ोत्तरी के साथ गत तीन माह से लंबित मानदेेय और अन्य देयकों का भुगतान कराने, प्रदेश सरकार द्वारा मानदेेय में की गई आंशिक बढ़ोत्तरी का एरियर दिलाने आदि मांगों का उल्लेेखा है। प्रदर्शन में नाजिश परवीन, विश्वमोहन भारद्वाज, शालिका पांडेय, अर्चना मिश्रा, कुसुमलता, उमा गुप्ता आदि शामिल रहीं।