शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र में बादशाहनगर चौराहे पर बुधवार रात ट्रैक्टर-ट्राॅली से बाइक सवार टकरा गया। हादसे में घायल हरदोई के थाना पाली क्षेत्र के भरकली गांव निवासी 35 वर्षीय शिवम की मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि शिवम होली पर अपने बच्चों के लिए कपड़ों की खरीदारी करने सेहरामऊ दक्षिणी बाजार आए थे। खरीदारी कर बाइक से वापस घर के लिए निकले। रास्ते में हादसे में शिवम की जान चली गई। इससे होली की खुशियां मातम में बदल गईं। सूचना पर पत्नी रिंपल रोते-रोते बेहाल हो गईं। दूसरी ओर सेहरामऊ दक्षिणी के बक्करपुर गांव निवासी 70 वर्षीय कामता बुधवार शाम अपने खेत पर गेहूं की फसल देखने जा रहे थे। सड़क पर करते समय बाइक सवार से टकरा गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बरेली रेफर किया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई।
-
बाइक से टकराए एसएस कॉलेज के प्रोफेसर हुए घायल
शाहजहांपुर। एसएस कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मधुकर श्याम शुक्ला बुधवार दोपहर कॉलेज गेट पर हुए हादसे में घायल हो गए। उन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। डॉ. मधुकर कॉलेज से निकलकर ठेले पर फल खरीदने के लिए जा रहे थे। इसी बीच नशे में आए बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। संवाद
-
हादसे में ई-रिक्शा चालक घायल
तिलहर। मोहल्ला खलील कटरा निवासी वजीर अहमद ई-रिक्शा से घर जा रहे। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पावर हाउस के पास एक अज्ञात बाइक से ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। ई-रिक्शा पलट जाने से वजीर अहमद घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। संवाद