सदर थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रवि। स्रोत: मीडिया सेल
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शहबाजनगर हाईवे पुल के पास घेराबंदी कर मॉडल शॉप व ढाबे पर तमंचा दिखाकर धमकी देने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा व कारतूस मिला है।
रविवार को सदर थाने में क्षेत्र के आदित्य कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने मोहल्ला सुभाषनगर निवासी रवि वर्मा व उसके तीन साथियों को नामजद कराया। उन्होंने बताया था कि 24 जुलाई को उन लोगों ने उन्हें व पड़ोसी शराब सेल्समैन को तमंचा दिखाकर धमकी दी।
फिर उसके ढाबे पर आकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। विवेचना दरोगा कुलदीप कुमार को सौंपी गई। सोमवार को पुलिस टीम ने रवि को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी रवि ने बताया कि 24 जुलाई को अपने दोस्त आनंद शुक्ला, बृजेश शुक्ला, आयुष वर्मा के साथ शराब लेने रिंग रोड पर दुकान पर गया। दुकान में जेब से तमंचा निकाला था। पुरानी रंजिश के चलते ढाबे में आदित्य से विवाद हो गया था।