पुवायां। पीलीभीत के थाना घुंघचिहाई के गांव कबीरपुर निवासी सुनील कुमार ने मारपीट किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने पुवायां के मोहल्ला कुरगंजा निवासी शिप्रा वर्मा से 12 सितंबर को कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद से वह पत्नी के साथ पुवायां में ही नाहिल रोड पर मंडी के पास किराये के मकान में रहते हैं। तीन अक्तूबर की दोपहर पुवायां नगर निवासी आदित्य वर्मा, अर्नव, जतिन और आदित्य के चाचा लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर उनके मकान में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर जमकर पिटाई करते हुए गंभीर घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग आए तो हमलावर पुवायां में दिखने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। इसके बाद घायल थाने पहुंचे और मामले की तहरीर पुलिस को दी। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करते हुए घायल का मेडिकल कराया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद