पुवायां। युवती के साथ एक रेस्टोरेंट पहुंचे युवक को युवती के भाई और उसके साथियों ने जमकर पीटा। सूचना पाकर पुलिस घायल को थाने लाई, लेकिन उसने कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
कसबे से सटे एक गांव का युवक पुवायां के एक कॉलेज का छात्र है। शनिवार को वह कसबे में रहने वाली प्रेमिका से मिलने आया था। दोनों पुवायां के खुटार रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में बैठे थे। इस बीच किसी ने युवती के परिजनों को सूचना दे दी। युवती का भाई कई लोगों को लेकर मौके पर आया और युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। मारपीट में युवक गंभीर घायल हो गया।
मारपीट होते देख किसी ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट करने वाले युवती को लेकर जा चुके थे। पुलिस घायल को थाने ले आई और परिजनों को भी बुलाया, लेकिन युवक और उसके परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस रेस्टोरेंट गई और वहां सीसी कैमरे का वीडियो चेक करने के बाद रेस्टोरेंट स्वामी को कड़ी फटकार लगाते हुए प्रेमी युगल को बैठने के लिए जगह मुहैया कराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि मामले में किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, इस कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। संवाद