शाहजहांपुर। चौक कोतवाली के मोहल्ला मतानी निवासी 32 वर्षीय शिवओम अवस्थी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मोबाइल पर व्हाट्सएप स्टेट्स था कि खुश रहो तुम लोग...गुड बाय। पुलिस जांच कर रही है।
ट्यूशन पढ़ाने वाले शिवओम अवस्थी की करीब एक साल पहले आरसी मिशन क्षेत्र की सौम्या से शादी हुई थी। उसकी पत्नी एक सप्ताह से मायके में है। मां मीरा देवी तीर्थयात्रा पर गईं हैं। मां के घर पर नहीं होने पर अविवाहित बहन भी पड़ोस में रहने वाली बहन के घर चली गई। शनिवार की रात शिवओम घर आया और खाना खाने के बाद कमरे में लेट गया।
रविवार सुबह दूसरे तल पर रहने वाला किरायेदार सीढि़यों से साफ-सफाई करता हुआ नीचे आया तो उन्हें शिवओम के कमरे का दरवाजा खुला मिला। उन्होंने अंदर झांककर देखा तो पंखे में फंदे के सहारे शव लटक रहा था। शव को देखकर उसकी चीख निकल पड़ी। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। परिजनों को सूचना दी गई।
बहन व अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया। जेब से मिले मोबाइल की जांच की गई। शिवम के फोन पर व्हाट्सएप स्टेट्स देखा गया, जो सुबह 6:51 बजे लगाया गया था। उसमें लिखा है कि मेरा लास्ट वर्ड अब खुश रहो तुम लोग, जो खुशी मेरे रहने पर नहीं मिली तुम लोगों को, मेरी गैरमौजूदगी पर मिले। बाय, अब सहने की हद लास्ट है मेरी, गुड बाय।
चौक कोतवाली प्रभारी अश्वनी सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने के लिए तहरीर दी थी। शुरुआती जांच में युवक के आत्महत्या करने का तथ्य सामने आ रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर आने पर उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मां को दी सूचना, आज होगा अंतिम संस्कार
शिवओम के पिता प्रमोद अवस्थी का करीब 16 साल पहले निधन हो चुका है। पांच बहनों में शिवओम सबसे छोटा था। मां मीरा अवस्थी ने बच्चों का भरण-पोषण किया। उनकी चार बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटी अविवाहित है। परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए शिवओम को रेस्टोरेंट खुलवाया था। वह किन्हीं कारणवश नहीं चल पाया तो वह ट्यूशन पढ़ाने लगा। शिवओम की मौत की सूचना उसकी मां को दी गई। इसके बाद वह कन्याकुमारी से फ्लाइट से यहां आएंगी। सोमवार को शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ममेरे भाई ने उठाए सवाल
मृतक के ममेरे भाई अवनीश ने सवाल उठाए हैं। बताया कि किरायेदार ने 6:34 बजे फोन कर आत्महत्या की जानकारी दी। जबकि वाट्सएप पर स्टेट्स सुबह 6:51 बजे अपडेट हुआ है। शिवओम पर कोई कर्ज नहीं था। अवसाद की स्थिति भी नहीं थी। खेतीबाड़ी होने के चलते रुपयों की दिक्कत भी नहीं थी।
शिवओम अवस्थी का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन