शाहजहांपुर। रोजा क्षेत्र के चकभिटारा गांव निवासी शैलेंद्र कुमार (21) की रविवार रात भावलखेड़ा नहर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि शैलेंद्र कुमार भूसा वाली मशीन चलाता था। वह करीब एक माह पूर्व काम करने के लिए हरदोई गया था। अपनी पत्नी अनीता को उसके मायके पुवायां के भूझिया गांव छोड़ आया। दो-तीन दिन पहले ही शैलेंद्र वापस घर आया था। रविवार शाम शैलेंद्र अंडे लेकर लाया। इसके बाद बरतारा गांव तक जाने की बात कहते हुए शाम छह बजे घर से निकल गया। रात आठ बजे तक जब शैलेंद्र घर नहीं आया तो कॉल की गई, लेकिन मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा था। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। रिश्तेदारियों में पता किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस से शैलेंद्र की मौत की सूचना मिली। बताया कि रात भावलखेड़ा नहर के पास किसी वाहन की टक्कर से शैलेंद्र की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि शैलेंद्र की तीन माह की एक बेटी है। वह छह भाइयों में सबसे छोटा था।