बंडा। गांव आलमपुर के खेतों में बाघ घूमता हुआ दिखाई दिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गांव आलमपुर पिपरिया में सड़क के किनारे रह रहे अमरजीत, रघुवीर, सानजीत, पूरन, मृत्युंजय, पप्पू व रामदयाल के घर के पीछे मक्का व गेहूं के खेत हैं। रविवार रात बाघ के दहाड़ की आवाज सुनकर वे जाग गए। आसपास रह रहे लोगों ने खेतों की ओर बाघ टहलता हुआ देखा। लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी। वहीं, बाघ देखे जाने से आसपास के लोगों में दहशत है। वे बाहर निकलने में डर रहे हैं। दिन में भी लोगों ने बाहर निकलने से परहेज किया। रेंजर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि टीम को मौके पर भेजा गया था। वहां कोई पगचिह्न नहीं मिले हैं। लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा गया है।