शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव बरुआ पेहना में शादी समारोह के दौरान अचानक कॉफी मशीन फटने से वहां काम कर रहे युवक की मौत हो गई। साथ ही बझेड़ा गांव निवासी सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
गांव निवासी अंकित दीक्षित की बहन अनुष्का दीक्षित की शादी फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद के युवक से तय हुई थी। सोमवार शाम बरात आना थी, उससे पहले लड़की पक्ष के लोग दावत खा रहे थे। सर्दी को देखते हुए लोगों के लिए कॉफी का इंतजाम किया गया था। अंकित के रिश्तेदार राजीव ने गांव लहसड़ी के संतोष को कॉफी बनाने का ठेका दिया था। ठेकेदार ही कॉफी बनाने के लिए 30 वर्षीय युवक को लेकर आया था।
दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल
रात करीब नौ बजे लड़की पक्ष के लोगों के लिए वह कॉफी बना रहा था। तभी कॉफी मशीन फट गई और उसकी चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। जबकि बझेड़ा गांव निवासी सचिन के चेहरे, आंखों व शरीर में कई जगह पर चोट आईं।
धमाके की आवाज से पंडाल में अफरातफरी मच गई। लोग तुरंत ही युवक व सचिन को सीएचसी पर लेकर पहुंचे। सचिन की हालत गंभीर होने के कारण बरेली रेफर कर दिया गया।