हरिपाल का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
कलान (शाहजहांपुर)। बंदरों के हमले में सोमवार रात कलान थाना क्षेत्र के हरेली नेकपुर गांव निवासी 35 वर्षीय हरिपाल की छत से गिरकर मौत हो गई। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया।
हरिपाल मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरणपोषण करता था। सोमवार की रात हरिपाल ने परिवार के लोगों के साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद वह छत पर सोने के लिए चला गया। परिजनों ने बताया कि रात करीब 11 बजे बंदरों के झुंड ने छत पर सो रहे हरिपाल पर हमला कर दिया। हरिपाल ने बंदरों के झुंड से खुद को बचाने का प्रयास किया। इस बीच वह छत से नीचे खड़ंजे पर जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हरिपाल के शव को देखकर उसकी सुनीता देवी का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। पिता सुरेंद्रपाल गुमसुम हो गए। परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी सुनीता के कंधों पर बच्चों की जिम्मेदारी आ गई है। थाना प्रभारी प्रभाष चंद्र ने बताया कि बंदरों के हमले से हरिपाल छत से गिरा है। युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
इन लोगों की जा चुकी जान
- 21 सितंबर 2025 : बंदरों के हमले से छत से छज्जा समेत नीचे गिरे कांट थाना क्षेत्र के औधापुर गांव निवासी 50 वर्षीय आसाराम की मौत हो गई।
- 31 दिसंबर 2024 : निगोही क्षेत्र के डेलखेड़ा गांव निवासी अय्यूब खां की बंदरों के झुंड के हमले से छत से गिरकर मौत हो गई थी। वह छत से लकड़ी लेने के लिए गए थे।
- 25 सितंबर 2023 : मीरानपुर कटरा क्षेत्र के खंडसार गांव की रहने वाली बुजुर्ग महिला द्रोपदी की बंदरों के हमले से छत से गिरकर मौत हो गई थी। वह छत पर गेहूं सुखा रहीं थीं। हमला होने पर जल्दबाजी में सीढ़ी से उतरते समय आंगन में जा गिरीं थीं।
- 17 जुलाई 2020 : चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वाजिदखेल में बंदरों ने छत की चाहरदीवारी गिरा दी थी। इससे पड़ोस के घर में आंगन में सो रहीं शबनम व उनके चार बच्चों की मौत हो गई थी। इससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।