निगोही (शाहजहांपुर)। लोगों को ठगने के लिए धोखेबाज नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला मोहल्ला नई बस्ती निवासी लकड़ी कारोबारी हाफिज मोअज्जम खां का है। उन्हें एक ठग ने कॉल करके खुद को फरीदपुर (बरेली) की एक प्रतिष्ठित प्लाईवुड फैक्टरी का प्रतिनिधि बताते हुए एक ट्रक लकड़ी मंगवा ली। बाद में कुछ रकम ट्रक चालक को देकर बाकी भुगतान कारोबारी के खाते में डाल देने का झांसा देकर गायब हो गया।
हाफिज मोअज्जम खां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्हें गत आठ दिसंबर को एक व्यक्ति ने मोबाइल पर काॅल करके खुद को फरीदपुर की एक प्लाईवुड फैक्टरी का प्रतिनिधि बताया। लकड़ी के रेट तय हो जाने के बाद उन्होंने अगले दिन 2.85 लाख रुपये कीमत की लकड़ी ट्रक में लोड कराकर उसके बताए पते पर भेज दी।
ट्रक फरीदपुर पहुंचने पर उसने लकड़ी एक फैक्टरी में तौलवा कर ट्रक खाली करा दिया। बाद में ट्रक चालक को उसी समय 50 हजार रुपये देकर इस वायदे के साथ वापस भेज दिया कि बाकी रकम उनके खाते में भेज देगा। इसके बाद से उसने उनकी मोबाइल कॉल को रिसीव करना बंद कर दिया।
कारोबारी के अनुसार अपने साथ ठगी होने का अहसास होने पर फरीदपुर जाकर आरोपी के बारे में जानकारी की। आरोपी के नाम का व्यक्ति एक प्लाईवुड फैक्टरी का मालिक निकला, लेकिन जिस नंबर से लकड़ी की सौदेबाजी की गई, वह प्लाईवुड मालिक का नहीं था। ठग के बारे में यह भी पता चला कि क्षेत्र में उसके कई नाम प्रचलित हैं।
रिपोर्ट दर्ज कराने फरीदपुर थाने जाने पर कारोबारी को वहां से यह कहकर लौटा दिया गया कि घटनास्थल निगोही का होने के कारण वहां की पुलिस जांच करेगी। कारोबारी मोअज्जम खां का आरोप है कि दोबारा फरीदपुर जाकर ठग से रकम मांगी ताे उसने अपने अन्य साथी बुलाकर जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।