बरतारा के वृद्धाश्रम पहुंचे एडीएम एफआर और उनकी पत्नी सौम्या ने बुजुर्गों के साथ भोजन किया। स्रो
शाहजहांपुर। बरतारा स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने बीमार मिलीं एक महिला को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। बुजुर्ग के अच्छे इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से फोन पर बात की।
एडीएम शुक्रवार को अपनी पत्नी सौम्या के साथ वृद्धाश्रम पहुंचे। बुजुर्गों से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्हें ऐसे कई बुजुर्ग मिले जो अच्छे परिवार से हैं, लेकिन बेटा-बहू ने उन्हें अलग कर दिया है। एडीएम और उनकी पत्नी ने बुजुर्गों के साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्हें फल आदि भी बांटे। आश्रम के केयरटेकर से समस्याओं की जानकारी भी ली।
राजकुमारी देवी ने बताया कि चार-पांच दिनों से उनकी तबीयत ज्यादा खराब है। तीन दिन पहले इलाज के लिए एंबुलेंस से ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में ही छोड़ दिया गया। वह किसी तरह वापस यहां आ गईं। एडीएम ने तुरंत एंबुलेंस बुलवाई और इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से फोन पर बात भी की। केयर टेकर ने बताया कि पहले स्वास्थ्य टीम आती थी, लेकिन अब नहीं आ रही है। ऐसे में एडीएम ने सीएमओ से वृद्धाश्रम में हर 15 दिनों में मेडिकल कैंप लगवाने के लिए कहा।