सेहरामऊ दक्षिणी। क्षेत्र के परसनिया गांव निवासी बाइक सवार 46 वर्षीय आशुतोष मिश्र उर्फ संजय की बुधवार रात सरौरा व बिजलापुर गांव के बीच किसी वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई।
बुधवार शाम आशुतोष मिश्र पड़ोसी गांव खिरियाहीर निवासी प्रेम कुमार सिंह की बेटी संध्या देवी की शादी में बरेली मोड़ स्थित एक मैरिज लॉन में गए थे। देर रात वापसी में चौहनापुर रोड पर सरौरा व बिजलापुर गांव के बीच किसी वाहन की टक्कर लगने से वह काफी दूर जा गिरे। इस दौरान वहां से गुजरे राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे आशुतोष मिश्र की मौत हो गई। मृतक की पत्नी सुमन देवी, बेटे विजय, नीलेश, बेटी शिखा देवी व रीतू देवी का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हादसा किस वाहन से हुआ इसका पता लगाया जा रहा है। मौके पर हेलमेट नहीं मिला है।
दो बाइकों की टक्कर में दंपती सहित तीन लोग घायल
खुटार। दो बाइकों की टक्कर में दंपती सहित तीन लोग घायल हो गए। बृहस्पतिवार दोपहर लखीमपुर के थाना हैदराबाद के गांव दतेली निवासी सलमान अली अपनी पत्नी नगमा बानो, सास अनीश बानो के साथ बाइक से रिश्तेदारी में पुवायां के गांव पकड़िया हकीम जा रहे थे। खुटार में गोला बाइपास रोड पर उनकी बाइक में पीछे से दूसरी बाइक टकरा गई। हादसे में सलमान अली, नगरा बानो और अनीश बानो घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार लोग मौके से भाग निकले। सलमान अली हेलमेट लगाए थे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। राहगीर की सूचना पर पहुंची 108 सेवा की एंबुलेंस के ईएमटी और चालक ने घायलों को खुटार सीएचसी पर भर्ती कराया। घायलों का इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है। संवाद
कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल
कलान। पटना देवकली गांव से दावत खाकर बुधवार की रात बाइक से घर लौट रहे मिर्जापुर क्षेत्र के गांव बेहटा जंगल निवासी हंसराम और नीलेश मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर नरसुइया गांव के पास सामने से आई कार की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया। सूचना देने पर भी 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची तो पुलिस ने अपने वाहन से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां दोनाें को प्राथमिक उपचार देकर राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। संवाद