खुटार। खुटार-पलिया रोड पर लखीमपुर के भीरा जंगल में एक ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक और तीन श्रमिक घायल हो गए। एक घायल को खुटार सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पीलीभीत के थाना बीसलपुर क्षेत्र के गांव मालपुर टेहरी निवासी राहुल ने बताया कि वह ट्रैक्टर चालक हैं। शनिवार को वह बीसलपुर के एक ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर-ट्राॅली में ईंटें भरकर गांव के श्रमिक निरंजन, मनोज, यशपाल के साथ लखीमपुर खीरी के कस्बा पलिया गया था। पलिया में ईंट उतारने के बाद वापस आते समय भीरा जंगल में बरगद चौकी से पहले पुल के पास स्टेयरिंग फेल हो जाने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में चारों लोग घायल हो गए। एक ट्रक चालक ने घायलों को खुटार सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने निरंजन को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। अन्य का सीएचसी पर उपचार करने के बाद घर भेज दिया गया। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है। संवाद