रोजा। लाल बाग निवासी रामनरेश के 15 वर्षीय पुत्र सचिन की शनिवार शाम दनियापुर के पास खन्नौत नदी में डूबकर मौत हो गई। वह वहां खन्नौत और गर्रा नदी के बीच टापू पर अपने खेतों को देखने गया था।
खेतों तक जाने के लिए खन्नौत नदी पार करनी पड़ती है। खेत से लौटते वक्त बारिश के कारण नदी में पानी के तेज बहाव में बहकर वह लखनऊ पलिया हाईवे के बाइपास के लिए बन रहे पुल के पास नदी में पड़े सीमेंटेड खंभे से टकराकर गहरे पानी में चला गया। खेतों की रखवाली कर रहे एक युवक ने उसे डूबते देख बचाने के प्रयास में उसकी टी शर्ट पकड़ ली, लेकिन वह फिर गहरे में चला गया।
युवक के शोर मचाने पर गांव वाले नदी के किनारे इकट्ठे हो गए। पूर्व प्रधान के पुत्र संजीव मिश्रा की सूचना पर थाना आरसी मिशन पुलिस भी पहुंच गई। बाद में गोताखोरों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता व मां ऊषा देवी का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। संवाद