पुवायां थाने के गेट के पास अशफाक की होमगार्ड से होती हाथापाई। स्रोत : वीडिया ग्रैब
पुवायां। गांव नरायनपुर बैजू के अशफाक की थाने के गेट पर बिना वर्दी के होमगार्ड से हाथापाई हो गई। पुलिस ने अशफाक को थाने पर बिठा लिया है।
गांव बरिउना निवासी विक्रम का पुत्र 22 वर्षीय सतेंद्र चार नवंबर को कहीं चला गया था। विक्रम ने पुलिस को सूचना देकर बताया था कि उनका पुत्र मानसिक रूप से बीमार है। गांव नरायनपुर बैजू के अशफाक के साथ उनका पुत्र देखा गया है। सूचना पर बुधवार को पुलिस अशफाक को थाने लाई थी।
इस बीच सतेंद्र की तलाश की गई तो वह सिंधौली क्षेत्र में कहीं मिल गया। सतेंद्र को थाने लाने पर देर शाम अशफाक को छोड़ दिया गया था। अशफाक घर की महिलाओं और बच्चों के साथ थाने से बाहर आया तो बिना वर्दी पहने गांव जनकापुर के होमगार्ड रामखिलावन ने अशफाक से थाने चलने के लिए कहा। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने लगा और हाथापाई हाे गई।
शोर सुनकर पुलिसकर्मी भी थाने से बाहर आ गए और अशफाक को फिर से थाने में बिठा लिया। अशफाक के साथ आई एक महिला ने होमगार्ड पर मारपीट का आरोप लगाया है। अशफाक और होमगार्ड बीच हाथापाई के दौरान लोगों ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया।संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
-
होमगार्ड और युवक के बीच हाथापाई की जानकारी नहीं है। हाथापाई क्यों हुई और किसकी गलती है, इसकी जांच कराई जाएगी।
- प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां