शाहजहांपुर। तिलहर के नगरिया चौकी क्षेत्र स्थित भाजपा महानगर उपाध्यक्ष पंकज सिंह के होटल में हुई तोड़फोड़ व मारपीट के मामले में आरोपी अक्षय कदम पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। वहीं, शनिवार को भाजपा महानगर उपाध्यक्ष ने एसपी से मुलाकात कर आरोपियों पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की।
19 दिसंबर की रात करीब 11:30 बजे पांच लोगों ने भाजपा महानगर उपाध्यक्ष के होटल पर स्टाफ के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट व तोड़फोड़ की थी। उनके सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 21 दिसंबर को पुलिस ने पंकज सिंह के भाई इंद्रजीत सिंह की ओर से चौक कोतवाली क्षेत्र के अक्षय कदम, योगेश कदम, ऋषभ तिवारी, आयुष मराठा व शिवांशु मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
22 दिसंबर को पुलिस ने आरोपी योगेश कदम व आयुष मराठा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन आरोपी अक्षय कदम, शिवांश मिश्रा और ऋषभ तिवारी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। शनिवार को पंकज सिंह ने एसपी से न्याय की गुहार करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
बताया कि उन्हें आरोपी लगातार धमका रहे हैं। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया था कि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एसओजी व थाना पुलिस की टीम लगातार दबिशें दे रहीं हैं। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपी जल्द की पुलिस की गिरफ्त में होंगे। आरोपी अक्षय कदम पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।