जलालाबाद। एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे अरुण की अगुवाई में सोमवार शाम आतिशबाजी मिलने के बाद पुलिस ने तीन दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद थाने से जमानत दे दी।
प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि गोपालनगर निवासी पुलकित गुप्ता, अनोज गुप्ता तथा मनोज गुप्ता के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। 13 अक्तूबर की शाम एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर की घनी आबादी के बीच स्थित नलवाली गली की बाजार में किराने की चार दुकानों पर छापा मारा था। आतिशबाजी बरामद की थी। जांच में दो दुकान एक ही दुकानदार की निकलीं थीं।
बिक्री के लिए रखे पटाखे बरामद
बंडा। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार की शाम गायत्री नगर में सूरज कुमार के मकान पर छापा मारा। मकान में बिक्री के लिए रखे पटाखे बरामद किए। इनमें 16 पैकेट फुलझड़ी, 8 पैकेट अनार, 5 पैकेट फुलझड़ी हैं। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद
आतिशबाजी की खरीदारी की अनुमति दीपावली से 15 दिन पहले दी जाए
शाहजहांपुर। कांग्रेस के शिष्टमंडल ने डीएम को संबाेधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। इसमें दीपावली से 15 दिन पहले आतिशबाजी की खरीदारी की अनुमति की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया कि दीपावली पर हर साल पटाखों की दुकान लगाई जाती है। दुकानदार फुटकर में दस दिन पहले माल खरीदते हैं और दुकानें लगाने की तैयारी करते हैं, लेकिन पुलिस छापा मारकर दुकानदारों को परेशान करती है। आतिशबाजी को अवैध बताकर जब्त कर लिया जाता है।
होलसेल में आतिशबाजी को खरीदा जाता है। छोटे दुकानदारों के पास लाइसेंस भी होता है। इसलिए पटाखों की खरीदारी 15 दिन पहले करने की अनुमति दी जाए। ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस के युवा नेता नौशाद कुरैशी, सौरभ पांडेय आदि मौजूद रहे। संवाद