पुवायां। न्यायालय के आदेश पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धमकी देने के मामले में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुवायां के मोहल्ला परशुराम नगर निवासी राहुल रमानी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में केंद्र सरकार की सीखो कमाओ योजना के तहत बिजनौर निवासी छह लोगों के साथ बिजनौर के एक स्कूल में प्रशिक्षण देने का कार्य किया था। प्रशिक्षण कार्य में सारा हिसाब करने के बाद उनके चार लाख रुपये बकाया रह गए। कई बार मांगने पर भी रुपये नहीं दिए गए और गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी जाती रही।
परेशान होकर वह आरोपियों से अलग हो गए और दूसरी कंपनी में काम करने लगे। दूसरी कंपनी में अच्छा कार्य होने से आरोपी रंजिश मानने लगे और 29 मई 2025 को आरोपी उनके पास आए और एक एमओयू (दस्तावेज) दिखाकर कहा कि, हमारे साथ काम कराे, नहीं तो 25 लाख रुपये दो। रुपये नहीं देने पर दस्तावेज के आधार पर जेल भिजवा देंगे, जबकि उन्होंने आरोपियों के पक्ष में कोई दस्तावेज साइन नहीं किया था।
उन्होंने घटना के दिन ही तहरीर दी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। एसपी को पत्र देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।