शाहजहांपुर। दिल्ली जाने वाली रोडवेज बस के एमसीडी टोल में हेराफेरी के मामले की रिपोर्ट मुख्यालय को दे दी गई है। बताते हैं कि आरोप सही पाए गए हैं, साथ ही हेरफेर भी सामने आया है। ऐसे में संबंधित पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
शाहजहांपुर डिपो की दिल्ली रूट की बस के परिचालक के एक हजार का टोल कटाकर दो हजार की रसीद लगाने की बात सामने आई है। उच्च अधिकारियों तक बात पहुंचने पर मुख्यालय से आई टीम ने लगातार दो दिन तक जांच की। सारे दस्तावेज को देखने के बाद टीम अपने साथ भी ले गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, बरेली से रामपुर तक फास्ट ट्रैक से टोल कट जाता है। उसके आगे के टोल के लिए रिचार्ज कराना होता है। एक हजार का टोल रिचार्ज पांच दिन तक चलता है। परिचालक ने एक हजार का रिचार्ज कराया, जबकि रसीद दो हजार की लगा दी। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि मामले की जांच मुख्यालय स्तर से हुई है। वहीं से संबंधित पर जिम्मेदारी तय होगी। संवाद