भावलखेड़ा। राजकीय मेडिकल कॉलेज के साइकिल स्टैंड संचालक मुकेश यादव पर शनिवार को हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने कुछ लोगों से पूछताछ भी की है।
मुकेश के भाई दीपेश ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात करीब 9:30 बजे उनके भाई मुकेश अपने घर सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव सरौरा जा रहे थे। रास्ते में थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव कारी मकुआपुर के पास अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर कर गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने धारदार हथियार मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बाद में आरोपी उन्हें घायल अवस्था में छोड़ कर भाग गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मुकेश को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। थाना रामचंद्र मिशन के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अभी घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। संवाद