तिलहर। करंट से युवक की मौत के मामले में भाई की तहरीर पर ठेकेदार समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोप है कि बिना शटडाउन लिए हाइटेंशन लाइन पर काम कराया जा रहा था।
जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव जौरापट्टी छेदा निवासी अर्जुन सिंह ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उसके भाई सूरजपाल ठेकेदार के अंडर में विद्युत लाइन डालने का काम करते थे।
आरोप है कि कटरा के मोहल्ला आतिशबाजान निवासी ठेकेदार विनोद कुमार, बिल्लीगंज मोहल्ला निवासी सह ठेकेदार देवेंद्र कुमार उसके भाई सूरजपाल से हाईटेंशन लाइन पर काम कराते थे। 25 दिसंबर की सुबह तीनों उसके भाई सूरजपाल को तिलहर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर गैसरा ले गए। वहां बिना शटडाउन लिए ही सूरजपाल को खंभे पर चढ़ा दिया।
करंट से भाई झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद तीनों बिना किसी को सूचना दिए मोबाइल फोन बंद कर भाग गए। अपराध इंस्पेक्टर सुनील यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।