मंगलवार दोपहर शहर से सटे राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर टोल टैक्स के निकट चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रक चालक महौली निवासी नित्यानंद ने बताया कि लखनऊ से भारत संचार निगम का सामान दिल्ली लेकर जा रहा था। फायर ब्रिगेड वाले मौके पर पहुंचकर जब तक आग पर काबू पाया तक सामान जल चुका था।
पुलिस के अनुसार, इस ट्रक में टॉवर में लगने वाले पैनल, प्रिंटर, वायर आदि भरे थे। ये दिल्ली में अनलोड होने थे। आग इतनी भीषण लगी थी कि दमकल विभाग टीम को घंटों कड़ी मेहनत करनी पड़ी तब तक आग को बुझाया जा सका। ट्रक के तेल टंकी को फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग के लपेटे में आने से बचाया, अन्यथा विस्फोट के और ज्यादा अनहोनी होने की आशंका थी। जुटी भीड़ को घटनास्थल से काफी दूरी पर ही रोक दिया गया था कि जोखिम की गुंजाइश कम से कम रहे। इस अग्निकांड के चलते हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं और ट्रैफिक जाम की स्थिति काफी देर तक बनी रही। आग पर काबू पाए जाने के बाद जले हुए ट्रक को एक किनारे किया गया। फिर दोनों ओर से ट्रैफिक को करीब आधे घंटे में सुचारू किया जा सका।