खुटार में कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं को जबरन थाने ले जाती पुलिस। स्रोत : वीडियो ग्रैब
- फोटो : 1
खुटार (शाहजहांपुर)। कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में पिकअप की टक्कर के बाद हाईवे पर जाम लगाने के दौरान कांवड़ियों को जबरन थाने ले जाने से माहौल बिगड़ते-बिगड़ते बचा। जाम का नेतृत्व कर रहे कुछ श्रद्धालुओं को पुलिस ने वाहन में बैठाने का प्रयास किया तो उन्होंने शोर मचाकर अन्य कांवड़ियों को बुलाना शुरू कर दिया। हालांकि, कुछ श्रद्धालुओं के रिश्तेदारों ने समझदारी दिखाते हुए लोगों को शांत कराया और जाम खुलवाया। बाद में पुलिस वाहन में बैठाए गए श्रद्धालुओं को भी छोड़ दिया। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव धनसिंहपुर से करीब 60 श्रद्धालु मंगलवार को कांवड़ लेने फर्रुखाबाद जा रहे थे। शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर खुटार क्षेत्र के गांव अठकोना के पास पीछे से आई पिकअप की टक्कर से राजेश समेत पांच कांवड़िये घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल राजेश को पुलिस इलाज के लिए पीलीभीत ले गई।
कांवड़ियों ने पिकअप चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और हाईवे पर जाम लगा दिया। एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे और सीओ प्रवीण मलिक ने कांवड़ियों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन श्रद्धालु घायल राजेश से बात कराने और चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
इसी दौरान पुलिस ने जाम का नेतृत्व कर रहे कुछ श्रद्धालुओं को वाहन में बैठाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख कुछ लोगों ने श्रद्धालुओं को समझाया। इसके बाद जाम खोल दिया गया और आवागमन सुचारु हो सका।
इस मामले में धनसिंहपुर निवासी राजेश कुमार की पत्नी किशोरी ने पिकअप चालक पंजाब के फाजिल्का जिले के थाना सुइया सरवर के गांव जंडवाला हनुमंता निवासी राजीव कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद उसने कांवड़ियों को जान से मारने की धमकी भी दी। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पिकअप में भरी लौकी ले गए
हादसे के बाद पिकअप खाई में जाकर पलट गई। वाहन में लौकी भरी थी। रात में ही कुछ लोग लौकी घर ले गए। सुबह भी कई लोग लौकी ले जाते दिखे। पुलिस ने पिकअप को क्रेन से सीधा कराकर कब्जे में ले लिया है।