शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला तारीन जलालनगर में किराये के मकान में रह रहे बुलंदशहर के थाना गुलाटी क्षेत्र के असावर गांव निवासी 38 वर्षीय सिपाही चमन सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार, उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था।
शनिवार सुबह मकान मालिक की सूचना पर थाना सदर बाजार इंस्पेक्टर बृजेश कुमार सिंह मौके पर गए। इसके बाद पहुंचे एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने जांच की। फोरेंसिक टीम को बुलवाया गया। जांच करते हुए टीम ने फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी करते हुए शव को सील कराकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
परिजनों के अनुसार, सिपाही चमन सिंह छह भाइयों में चौथे नंबर पर थे। वह 2011 बैच के थे। उनकी पहली पोस्टिंग शाहजहांपुर मे ही हुई थी। वह कई थानों में रहे। 2025 से उनकी ड्यूटी रिजर्व पुलिस लाइन में चल रही थी। वह तारीन जलालनगर में किराये के मकान रहते थे। मृतक के भाई अजय ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से चमन सिंह का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। मेरठ से भी उनका उपचार चला था।
परिजनों ने बताया कि उनकी पत्नी सुरेखा गुमसुम हो गई है। उनके एक बेटा और एक बेटी है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।