गांव बरगदिया निवासी सुरेश का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
खुटार। गांव बरगदिया निवासी 48 वर्षीय सुरेश की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वह मजदूरी करने के दौरान खेत से कुछ दूर पानी पीने जा रहे थे।
परिजनों ने बताया कि सुरेश मजदूरी कर परिवार की गुजर करते थे। शनिवार को वह घर से पैदल पड़ोस के गांव चतुरपुर में कुनेंद्रपाल के खेत पर मजदूरी करने गए थे। दोपहर में वह पानी पीने जा रहे थे। गांव मठोकर के पास बाबा बनखंडी नाथ मंदिर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लग जाने से सुरेश गंभीर घायल होकर मौके पर ही गिर गए। मौके पर पहुंचे कुनेंद्रपाल के भतीजे संजय ने सुरेश को पहचाना और उनको लेकर खुटार सीएचसी पहुंचे।
सीएचसी पर डॉक्टर ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। सुरेश के पुत्र अरुण कुमार के सूचना देने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। सुरेश के चार पुत्र और दो पुत्री हैं। एक पुत्र और एक पुत्री की शादी हो चुकी है। सुरेश की मौत से पत्नी राजेश्वरी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने खेत स्वामी कुनेंद्रपाल से भी पूछताछ की है।
गांव बरगदिया निवासी सुरेश का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन