किसान एक्सप्रेस की एसी बोगी में यात्री ने मचाया बवाल
किसान एक्सप्रेस की एसी सेकेंड बोगी में एक यात्री ने शराब के नशे में जमकर बवाल मचाया। उसने बोगी में मौजूद महिला यात्रियों से छेड़खानी की। कंट्रोल रूम की सूचना पर आरपीएफ से यात्री को ट्रेन से उतार लिया है। उसे मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
आजमगढ़ के मदरी गांव में रहने वाला अमरनाथ राय जौनपुर से किसान एक्सप्रेस में सवार हुआ। उसके पास जौनपुर से लुधियाना जाने के लिए जरनल टिकट था। उसने रास्ते में टीसी से एसी सेकेंड क्लास की टिकट कटाई। उसे ए वन कोच में बर्थ नंबर 11 मिल गई। कोच में बैठने के बाद उसने शराब पीना शुरू कर दी। लखनऊ तक उसने डेढ़ बोतल से अधिक शराब पी डाली। लखनऊ निकलने पर अमरनाथ ने बोगी में बवाल करना शुरू कर दिया। बोगी में बैठी महिला यात्रियों से छेड़खानी करने लगा। यात्रियों की सूचना पर टीसी ने मुरादाबाद कंट्रोल रूम को सूचना दी। शाहजहांपुर पहुंचने पर आरपीएफ इंस्पेक्टर एसपी सिंह ने यात्री को ट्रेन से उतरवा लिया। उसने रेलवे स्टेशन पर हंगामा शुरू कर दिया। किसी तरह से आरपीएफ के जवानों ने उसे काबू में किया। उसके थैले की तलाश लेने पर शराब की एक बोतल खाली और एक आधी से कम बरामद हुई। उसके बैग में 15 हजार मिले हैं। आरपीएफ उसके खिलाफ 145 रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर एसपी सिंह ने बताया कि यह नहीं पता चल सका है कि वह क्या काम करता है। उसको मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।