निगोही थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपी शोएब व अरसान। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। निगोही थाना पुलिस ने जिंदपुरा गांव में मामा के घर में चोरी करने के आरोपी उसके भांजे पीलीभीत जिले के थाना बीसलपुर क्षेत्र के गांव ग्यासपुर निवासी अरसान को उसके दोस्त बरेली के थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गौटिया नूर मोहम्मद निवासी शोएब के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से चोरी का माल व चोरी की दो बाइकें बरामद की गईं हैं।
इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पांच जनवरी को जिंदपुरा गांव निवासी हामिद हुसैन ने अरसान व उसके दो साथियों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह अरसान व उसके साथी शोएब को सिद्धबाबा मंदिर के पास घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ लिया।
दोनों के कब्जे से 14,700 रुपये, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी खड़वे बरामद किए गए। इस प्रकरण में प्रकाश में आए आरोपी शहबाज निवासी मोहल्ला ग्यासपुर थाना बीसलपुर, पीलीभीत की तलाश की जा रही है।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि 30 दिसंबर की रात साथी शहबाज के साथ अरसान के मामा हामिद के घर चोरी की थी। अरसान और शोएब के हिस्से में 15-15 हजार रुपये, शहबाज के हिस्से में 38 हजार रुपये आए थे। 24 दिसंबर को शहबाज के साथ मिलकर मोहल्ला गदियाना से एक बाइक चोरी की थी। दूसरी बाइक 19 दिसंबर को मोहल्ला खलीलगर्वी से चोरी कर सिद्धबाबा मंदिर के पास झाड़ियों में छिपा दी थी।