लूट का शिकार हुई सीमा। स्रोत : जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। निगोही में ई-रिक्शा पर बैठकर अपने मायके जा रही महिला के कानों से कुंडल नोचकर बाइक सवार बदमाश भाग गया। बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था।
तिलहर थाना क्षेत्र के गांव नबीपुर निवासी परागूलाल की पत्नी सीमा सोमवार दोपहर अपने तीन बच्चों के साथ ई-रिक्शे में बैठकर निगोही के गांव भुंडी स्थित मायके जा रहीं थीं। तिलहर-निगोही मार्ग पर ग्राम पिपरिया खुशहाली के पास पीछे से आए हेलमेट पहने बाइक सवार ने ई-रिक्शे के बराबर बाइक लगाकर कान में झपट्टा मारा। कुंडल छीनकर बाइक सवार बदमाश भाग गया।
महिला चिल्लाई, लेकिन तब तक बाइक सवार निगोही की ओर भाग गया। पीड़ित महिला थाने पहुंची और अपने साथ घटना के बारे में बताया। उसने कोई तहरीर नहीं दी। इसके कुछ देर के बाद वह किसी के साथ बाइक से अपने मायके चली गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। महिला की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। फिर भी पुलिस जांच कर रही है।
17 मई को ऐसी ही घटना तिलहर थाना क्षेत्र के गांव रानी खिरिया निवासी माधुरी के साथ हुई थी। निगोही क्षेत्र के गांव पिपरिया खुशहाली के पास बाइक सवार उनके कान के कुंडल नोचकर भाग गया था।