एसडीएम तिलहर को ज्ञापन देते ग्रामीण। स्रोत : ग्रामीण
निगोही। डालमिया चीनी मिल प्रबंधन पर वायु और जल प्रदूषण को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए क्षेत्र के युवाओं ने बुधवार को कस्बे के समाजसेवी सत्यपाल सक्सेना और अर्पित वर्मा के नेतृत्व में पैदल मार्च कर मिल गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान वहां पहुंचे एसडीएम आदित्य श्रीवास्तव को ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में मिल के आसपास के गांवों के भूजल की जांच कराने, हवा में उड़ रही मिल की बैगास और गन्ने के अवशेषों की निकासी पर रोक लगाने, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मिल की जांच कराने, खामियां पाए जाने पर दोषी मिल अधिकारियों पर कार्रवाई करने, मिल परिसर में किसानों के लिए कैंटीन की व्यवस्था कराने आदि मांगों का उल्लेख किया गया है।
एसडीएम ने बताया कि ज्ञापन में बताई गई समस्याओं की बिंदुवार जांच कराकर मिल अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए जाएंगे। प्रदर्शन में शैलेंद्र गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, राजेश यादव, राजकुमार, अभिषेक कुमार, विशाल राठौर, सुधांशु विश्वकर्मा, अंशुल अग्निहोत्री आदि शामिल रहे। इधर, डालमिया चीनी मिल के गन्ना उप महाप्रबंधक देवदत्त शर्मा का भी कहना है कि ज्ञापन में शामिल सभी मांगों पर पारदर्शिता के साथ जांच कराकर जो भी कमियां पाई जाएंगी, उन्हें दूर कराया जाएगा। संवाद