तिलहर। सराफा व्यापारी शैलेंद्र अग्रवाल की दुकान से 180 ग्राम सोने के आभूषण चोरी के आरोप में हिरासत में लिए गए नौकर के पास कुछ जेवर बरामद हो गए हैं। पुलिस ने संदेह के आधार पर सराफा व्यापारियों से पूछताछ की है। दूसरी ओर चोरी का खुलासा न होने से व्यापारियों में आक्रोश है।
मोहल्ला दातागंज निवासी सराफा व्यापारी शैलेंद्र अग्रवाल की सराफ की मुख्य बाजार स्थित दुकान पर मीरानपुर कटरा के कमलापुर निवासी भरत गंगवार नौकरी करता था। दो दिन पहले उनकी दुकान पर ग्राहकों ने अधिक वजन के जेवर मांगे। जब उन्होंने अपना लॉकर देखा तो जेवरात गायब थे। उन्होंने भरत गंगवार के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई।
बताया कि उनकी दुकान से आठ सोने की चेन, सात से आठ सोने की अंगूठी, चार मंगलसूत्र समेत करीब 180 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हुए हैं। यह जेवर करीब 25 लाख के हैं। नौकर भरत 26 दिसंबर के बाद दुकान पर नहीं आया। शक होने पर पूछताछ पर भरत के गलत गतिविधियों में लिप्त होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती बरती। उससे कुछ आभूषण बरामद हुए। शेष आभूषणों को क्षेत्र के कई सराफा दुकानों पर बेचने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक के करीब 12 दोस्तों को हिरासत में लिया। रविवार को डडिया बाजार से दो सराफा व्यापारियों को भी थाने लाकर पूछताछ की गई।
सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि आरोपी नौकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
आरोपी ने शाहजहांपुर में भी आभूषण बेचे
भरत गंगवार ने क्षेत्र के ही सराफा व्यापारियाें को ही नहीं, बल्कि शाहजहांपुर में भी सराफा दुकानों पर आभूषण बेचने की बात बताई है। अब टीम को शहर भेजा गया है। उधर, चोरी की घटना का खुलासा न होने पर सराफा व्यापारियों में काफी नाराजगी है।
थाने के बाहर रही भीड़
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के दोस्तों को हिरासत में लिया। उन्हें रिहा कराने के लिए उनके परिजनों की भीड़ लगी रही। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने निर्दोषों को हिरासत में लिया है।