अखिलेश का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
रोजा। क्षेत्र के गांव भावलखेड़ा निवासी 30 वर्षीय अखिलेश की जमुका दोराहा स्थित राइस मिल में तेज हवा के चलते टिनशेड से गिरकर मौत हो गई। वह मिल में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मंगलवार की शाम करीब छह बजे अखिलेश किसी कार्य से 20 फुट ऊंचे टिनशेड पर चढ़ गए। पुलिस के मुताबिक, तेज हवा के झोंके के चलते वह गिरकर घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई अरविंद कुमार ने बताया कि अखिलेश ने आईटीआई से इलेक्ट्रिशियन का डिप्लोमा किया था। एक वर्ष से 20 हजार रुपये महीने में राइस मिल में कार्य करते थे। उनका विवाह दो वर्ष पहले ही हुआ था। परिजनों ने मिल प्रबंधक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि टिनशेड से गिरकर घायल मजदूर की अस्पताल में मौत हुई है। अगर तहरीर आती है तो जांच की जाएगी। संवाद