आरसी मिशन थाना पुलिस की गिरफ्त में हिस्ट्रीशीटर ओमकार उर्फ झब्बू। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। आरसी मिशन थाना पुलिस टीम ने हत्या के मुकदमे में फरार चल रहे गुवारी गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर ओमकार उर्फ झब्बू को उसकी ससुराल पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। पत्नी के मोबाइल की लोकेशन से पुलिस को उसका पता चला। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2006 में हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ रोजा थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था।
कोरोना काल में वर्ष 2021 में उसे रिहा कर दिया गया। इसके बाद हिस्ट्रीशीटर की रिहाई को निरस्त कर दोबारा जेल भेजने के आदेश जारी किए गए थे। बताया जा रहा है कि रिहा होने के बाद हिस्ट्रीशीटर अपनी ससुराल पश्चिम बंगाल में जाकर छिप गया। उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस को हिस्ट्रीशीटर की पत्नी के मोबाइल नंबर की लोकेशन मिली। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेहरामपुर थाना क्षेत्र के बेहरामपुर गांव भेजा। टीम ने ओमकार को उसकी ससुराल से गिरफ्तार कर लिया।
स्थानीय न्यायालय के समक्ष तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड के लिए प्रस्तुत किया। इसके बाद हिस्ट्रीशीटर को दून एक्सप्रेस से यहां लाकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। संवाद