मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। खेत से जानवरों के लिए चारा लेने जा रहे बुजुर्ग पर शुक्रवार सुबह हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ नाराजगी जताई है।
क्षेत्र के बाजपुर कुमरखा गांव निवासी 56 वर्षीय रामप्रसाद खेतीबाड़ी कर परिवार का भरणपोषण करते थे। शुक्रवार की सुबह वह खेत पर जानवरों के लिए चारा लेने के लिए निकले। इसी दौरान घर से करीब एक किलोमीटर दूर चकरोड पर अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सीधा उनके सिर पर गिरा। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।
उनकी चीख सुनकर लोगों की भीड़ लग गई। विद्युत कर्मचारियों को फोन कर सप्लाई को बंद कराया। इस बीच उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजन शव को देख बिलख पड़े। बेटे अनिल कुमार ने बताया कि सन 2018 में मां लज्जावती की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। वह तीन भाई और चार बहनें हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक जुगलकिशोर पाल ने बताया कि अनिल कुमार ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।