निगोही। मोहल्ला इमलिया में सोमवार की रात घर की छत पर बने कमरे में पढ़ने गई मनोज वर्मा की 15 वर्षीय पुत्री झलक बल्ब जलाने का प्रयास करने पर करंट की चपेट में आकर अचेत हो गई। घरवाले उसे नगर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार देकर उसे शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
झलक कस्बे के एक प्राइवेट इंटर कॉलेज में दसवीं की छात्रा थी। उसके पिता ने बताया कि छत पर कमरे में अंधेरा होने के कारण बल्ब का स्विच ऑन करने के लिए उसने बिजली के बोर्ड की ओर हाथ बढ़ाया। इसी दौरान करंट लगने से वह तार से चिपककर गिर गई। करीब दो घंटे बाद उसकी मां किसी काम से छत पर गईं, तो उसे बेहोश देख कर शोर मचाया।
वह चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। विधायक सलोना कुशवाहा, नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव वर्मा आदि ने छात्रा के घर जाकर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।