तिलहर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे और उसके आसपास के मार्गों के किनारे ढाबाें पर खुलेआम शराब परोसे जाने से वहां आए दिन मारपीट हो रही है, लेकिन पुलिस ऐसे मामलाें में सूचना मिलने पर भी कोई कार्रवाई नहीं करती। बुधवार को देर रात हाईवे के बाइपास चौराहा से निकले निगोही मार्ग के किनारे एक ढाबे पर शराब पीने के बाद नशे में युवकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट होने से एक युवक घायल हाे गया। वहां मौजूद लोगाें ने घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती।
निगोही रोड पर बनी गोशाला के सामने मार्ग की पटरी के किनारे कई ढाबे खुले हुए हैं। उन्हीं में से एक ढाबे पर चार लोगों ने बैठकर शराब पी। बाद में उनकी आपस में मारपीट होने लगी। ढाबा संचालक ने उन्हें शांत करने का प्रयास किया, लेकिन नशे मे धुत लोग आपस में मारपीट करते रहे। एक युवक घायल होकर गिर गया। लोगो ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस एक घंटे बाद तक मौके पर नहीं पहुंची। बाद में पुलिस ढाबे पर पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट में लिप्त दोनों गुटों के लोग भाग चुके थे।
लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण ढाबों पर शराब के नशे में मारपीट की घटनाएं लगातार हो रही हैं। लोगों का आरोप है कि कुछ ढाबा संचालकाें के राजनीतिक रसूख के कारण पुलिस ऐसे मामलों में कोई कार्रवाई नहीं करती। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि ढाबे पर मारपीट के मामले में दोनों पक्षों में से किसी ने भी तहरीर नहीं दी है। सीओ के अनुसार घटना संज्ञान मे लाए जाने पर जांच कराई जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई भी होगी।
शराब की दुकानों के पास होटलों पर शराबियों का जमकर हंगामा, दंपती से अभद्रता
खुटार (शाहजहांपुर)। गांव रामपुरकलां में देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानों के पास होटल पर खुलेआम शराब पीने के बाद शराबियों ने शाम को जमकर हंगामा किया। इस दौरान एक दंपती से अभद्रता भी की गई। वीडियो बनाने का प्रयास करने पर हंगामा कर रहे लोगों ने दंपती के रिश्तेदार का मोबाइल छीन लिया।
गांव के लोगों ने बताया कि शराब की दुकानों के पास होटलों पर दिनभर शराबी जमे रहते हैं और कई बार गाली-गलौजकर हंगामा करते हैं। इससे उधर से निकलने वाले खासकर महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बृहस्पतिवार शाम शराबी हंगामा कर रहे थे। इस दौरान लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव सैंजनियां निवासी दंपती बाइक से उधर से निकले और शराबियों से रास्ते से हटने के लिए कहा तो उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी।
दंपती ने रिश्तेदारी में सूचना दी तो रिश्तेदार युवक ने हंगामा कर रहे लोगों का वीडियो बनाने का प्रयास किया। इस पर युवक का मोबाइल छीन लिया गया। बाद में बमुश्किल मोबाइल वापस किया गया। लोगाें ने दंपती को समझाकर मौके से हटा दिया। इसके बाद दंपती बिना पुलिस से शिकायत किए मौके से चले गए।
शराब की दुकानों के पास भीड़ लगती है और होटलों पर शराब पी जाती है तो खुटार पुलिस मामले में कार्रवाई करेगी। हंगामा करने वालों के खिलाफ जांचकर कार्रवाई कराई जाएगी।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां