शाहजहांपुर। बरेली मोड़ चौराहे पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। सरेराह मारपीट से जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। दोनों पक्षों के तीन लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है।
शनिवार की रात बरेली मोड़ चौराहे पर दो कारों से कई लोग आकर रुके। इसके बाद उनके बीच गाली-गलौज होने लगा। विवाद बढ़ने के बाद उनमें मारपीट होने लगी। सरेराह मारपीट के चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पर अजीजगंज चौकी प्रभारी सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर गए।
पुलिस के सामने भी वे झगड़ा करते रहे। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया। चौकी प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि एक पक्ष के भूमिपाल सिंह निवासी नगवां थाना गगहा जनपद गोरखपुर व दूसरे पक्ष के निशांत तिवारी व विजय कुमार निवासी कस्बा व थाना शाहबाद जनपद हरदोई के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। संवाद